बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
ग्राम कंचनपुर निवासी जीतू (25) पुत्र मंगली मां-बाप का इकलौता बेटा था। वह रोडवेज बस स्टैंड पर जूता पालिश करता था। परिवार वालों के मुताबिक जीतू रविवार रात करीब आठ बजे सड़क पार कर रहा था। उसी समय फर्रुखाबाद की ओर से आई रोडवेज बस ने उसको जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक गांव वाले मौके पर पहुंचे तब तक चालक बस को दौड़ा ले गया। ग्रामीणों के पीछे-पीछे परिवार वाले भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। उसके बाद परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।