अलापुर। कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी फल विक्रेता दीन दयाल (35) पुत्र गंगा सहाय की बाइक शनिवार रात कस्बा ककराला के पास बग्गी से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। वह बाइक से दावत खाने रिश्तेदारी में जा रहा था। उसकी मौत की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। रविवार को शव लेकर परिजन घर चले गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के भाई हंसराज ने बताया कि भाई दीनदयाल चितौरा निवासी अपनी चचिया सास सुखरानी व साले की पत्नी व बेटे के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। थाना क्षेत्र के ही गांव बारीखेड़ा में शादी थी। बाइक चालक ककराला कस्बे से निकलते ही बरात चढ़ाने जा रही घोड़ा बग्गी से टकरा गया।
हादसे में साले का दस वर्षीय बेटा हिमांशु और साले की पत्नी चमेली व दीनदयाल घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां दीनदयाल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। घायलों का इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि दीनदयाल फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण किया करते थे। उनके तीन बेटियां हैं। वह दो भाइयों मेंं छोटे थे। उनकी मौत के बाद परिजनों व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं मामले की छानबीन कर रही है।
इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए था। घायलाें की हालत में सुधार है। घोड़ा बग्गी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल
- घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, उपचार जार
संवाद न्यूज एजेंसी
जरीफनगर। बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के नाधा रसूलपुर कला रोड पर रविवार की शाम राइस मिल के पास दो बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। हादसे में बाइक सवार पवन (18) पुत्र भूरे निवासी ग्राम वजीरपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार सतेंद्र, फूलदेवी, संगीता घायल हो गईं।
परिजनों ने बताया कि पवन अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेजा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ट्रॉली की साइड लगने से बाइक सवार दंपती घायल
उझानी। बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की साइड लगने से बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। हादसा रविवार तड़के गांव फतेहपुर के पास हुआ।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव पतरचोहा निवासी रंजीत (40) और उनकी पत्नी रजनी (38) दो दिन पहले ककोड़ा मेला गए। बाइक से लौटते समय विपरीत दिशा से साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में रंजीत ने बाइक रोक ली। इसी दौरान पीछे से निकली बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड लगने से दंपती बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हेलमेट लगाए होने की वजह से रंजीत के सिर में चोट नहीं आई, लेकिन दोनों के पैरों में चोट लगी है। बाद में दोनों ने निजी क्लीनिक पर पहुंचकर अपना प्राथमिक उपचार कराया। संवाद
दीन दयाल। फाइल फोटो