कुंवरगांव। थानाक्षेत्र के गांव औरंगाबाद खालसा में 11 जुलाई को जोताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर युवक जख्मी हो गया था। अब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव महेंद्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 जुलाई की सुबह सात बजे उनका बेटा हरिओम (20) अपने ट्रैक्टर से गांव के छत्रपाल के खेत की जोताई कर रहा था। इसी बीच पड़ोस के राजपाल के खेत में गांव का नेत्रपाल रोटावेटर से जोताई कर रहा था। नेत्रपाल ने उनके बेटे को उकसाया। कहा कि देखते है किसके ट्रैक्टर में कितनी ताकत है। इस पर उनका बेटा ट्रैक्टर को रोकने लगा। नेत्रपाल ने चलते हुए ट्रैक्टर से उनके बेटे का हाथ पकड़कर खींच लिया। इससे उनका बेटा ट्रैक्टर के रोटावेटर पर गिरकर फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज बरेली के अस्पताल में चल रहा था। वहां से उसे दूसरे हायर सेंटर रेफर किया गया है। परिजन घायल युवक को सोमवार सुबह थाने लेकर आए। पुलिस ने उसके बयान किए। इसके बाद पुलिस ने उसके बयान के आधार पर आरोपी नेत्रपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद परिजन उसे बरेली ले गए और भर्ती कराया। यहां कुछ देर बाद युवक ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।