बदायूं। सहसवान-इस्लामनगर मार्ग पर गांव मानकपुर के पास सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नदेरी निवासी शायर अली के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी सलमा और सलमा की बुआ भूरी घायल हो गईं। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गए।
शायर अली सहसवान में अपने साढ़ू अफजाल की पुत्री के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। अफजाल सहसवान के मोहल्ला दहलीज में रहते हैं। रविवार शाम अफजाल की पुत्री की मृत्यु हुई थी। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शायर अली अपनी पत्नी सलमा और सलमा की बुआ भूरी के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। मानकपुर गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शायर अली को मृत घोषित कर दिया। सलमा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि भूरी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शायर अली के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है। भागे हुए दूसरी बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजन भी घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंच गए थे।