बिल्सी। गांव बैन निवासी इसाक मोहम्मद ने नगर के मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज में अपने बेटे और भांजे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, 12 नवंबर को सुबह करीब दस बजे इसाक मोहम्मद का बेटा गुड्डू सैफी अपनी बुआ रुकसाना के घर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मोहल्ले के निवासी इसरार, आसिफ, आरिफ और अजीम वहां पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गुड्डू और उसके भांजे युसुफ को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले में बिल्सी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। संवाद