नेपाल से रिफाइंड तेल लादकर दिल्ली जा रहा ट्रक रास्ते में लापता हो गया। ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम और चालक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन बदायूं-मेरठ हाईवे पर सहसवान में पहलवान ढाबे की थी। तलाश के बाद भी चालक और ट्रक का कोई पता नहीं चलने पर फर्म की ओर से चालक पर शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रोहिणी दिल्ली के 22 नंबर मॉडर्न अपार्टमेंट, सेक्टर-15 निवासी अजय मैनी ने शिकायतीपत्र दिया है। उनका कहना है कि उनकी कंपनी के एक ट्रक को महोटा गढ़िया रंगीन जिला शाहजहांपुर निवासी मोरपाल पुत्र बालक राम चलाता है। यह ट्रक 12 जनवरी को शिव शक्ति घी उद्योग प्राइवेट लिमिटेड जीतपुर बारा नेपाल से रिफाइंड तेल के 1750 टिन लादकर काल्का एग्रो फूड्स इंडिया दिल्ली के लिए चला था।
16 जनवरी को सहसवान में थी लोकेशन
ट्रक में लदे तेल की कीमत 37 लाख 97 हजार 344 रुपये है। ट्रक में जीपीएस सिस्टम लगा है। 16 जनवरी को रात करीब 12 बजे ट्रक की आखिरी लोकेशन सहसवान में बदायूं-मेरठ हाईवे पर पहलवान ढाबे की है। उसके बाद से जीपीएस सिस्टम और चालक का मोबाइल बंद हो गया। तलाश के बाद भी ट्रक और चालक का कोई पता नहीं चला।
फर्म स्वामी ने चालक पर ट्रक और रिफाइंड तेल बेचने का शक जाहिर करते हुए पुलिस को शिकायतीपत्र दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल धनंजय सिंह का कहना था कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।