बिसौली। बोरिंग मशीन लगा ट्रैक्टर पलट गया। उससे दबकर मजदूर की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा गया है।
संभल जिला के बनियाठेर थानाक्षेत्र के गांव जनेटा निवासी सलीम सबमर्सिबल बोरिंग का काम करते थे। साथ में गांव के ही फिरोज (22), पिंटू (25), फारूख (25) व यासीन (48) मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को यह लोग फैजगंज बेहटा में सबमर्सिबल की बोरिंग करने के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर पर मशीन लगी हुई थी। जैसे ही ट्रैक्टर गांव परमानंदपुर के पास पहुंचा कि बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया, जिसमें यासीन की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फिरोज, पिंटू और फारूक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएससी बिसौली भेज दिया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यासीन का फाइल फोटो।- फोटो : स्रोत सूचना विभाग