कमरे में घटना की जानकारी देते आयुष के चाचा, पास ही रखा फर्राटा पंखा और पीछे रखी कुठिया। संवाद
रेहड़िया। वजीरगंज के सहावर खेड़ा में शनिवार रात कमरे में रखी कुठिया से गेहूं लेने गए कक्षा तीन के 9 वर्षीय छात्र की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में गई मां-बेटे को अचेत देखकर बेसुध हो गई। परिवार वालों ने बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।
गांव निवासी आयुष के चचेरे भाई सरवन सिंह ने बताया कि आयुष ने चीज लेने के लिए मां से रुपये मांगे थे। मां ने आयुष को कमरे में रखी कुठिया से गेहूं लेकर चीज लाने के लिए कहा था। वह कमरे में कुठिया से गेहूं लेने गया था। पास ही रखे फर्राटा पंखे में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया। इसके बाद मां ने कमरे में जाकर देखा, तो वह कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा था। पास ही गेहूं की थैली भी पड़ी थी। परिजन आयुष को सीएचसी बिसौली लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता सोनू सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आयुष दो भाई था, छोटे भाई का जन्म डेढ़ माह पहले ही हुआ है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम परिजनों ने कराने से मना दिया। शव की पंचनामा की कार्रवाई कर परिजनों को सौंप दिया गया।
कमरे में घटना की जानकारी देते आयुष के चाचा, पास ही रखा फर्राटा पंखा और पीछे रखी कुठिया। संवाद