बिल्सी में खुले पड़े नाले में गिरी छात्रा को बाहर निकालते लोग। स्त्रोत दुकानदार द्वारा
बिल्सी। नगर पालिका कार्यालय के सामने बने नाले की पुलिया काफी समय से टूटी पड़ी है। बृहस्पतिवार अपराह्न एक बजे साइकिल सवार एक छात्रा उसमें गिरकर जख्मी हो गई। वहीं पास में लगे सीसी कैमरे में घटना रिकॉर्ड हो गई। पालिका की लापरवाही मानते हुए इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है।
बृहस्पतिवार की अपराह्न एक बजे नगर पालिका कार्यालय के सामने बने नाले की पुलिया से होकर गांव बादशाहपुर निवासी एक छात्रा साइकिल से गुजर रही थी। साइकिल का संतुलन बिगड़ने से वह पुलिया में जा गिरी। आसपास के लोगों ने छात्रा को नाले से बाहर निकाला और उसे निजी चिकित्सक के यहां भेजा। छात्रा को मामूली चोटें आई हैं।
टीटू जैन समेत बाजार के कई लोगों ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय के सामने बने नाले की पुलिया लंबे समय से टूटी पड़ी है। कई बार पालिका के अधिकारियों से उसे बनवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन किसी ने कोई सुध नहीं ली। इस कारण आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं।