बदायूं। साइबर अपराधियों ने ठगी करने का अब नया तरीका तलाश लिया है। 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने की बात कहकर पहले निमंत्रण दिया। इसके बाद पोस्टर लगाने के लिए फोटो मांगा और लिंक भेजकर पोस्टर देखने की बात कही। लिंक पर क्लिक करते ही इस्लामनगर निवासी जेपी चौधरी के खाते से 350 रुपये कट गए।
इस्लामनगर निवासी जेपी चौधरी के पास सोमवार सुबह एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुरादाबाद का निवासी बताते हुए कहा कि 23 दिसंबर को मुरादाबाद में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कार्यक्रम है। आप कार्यक्रम में आमंत्रित हैं। यह कहकर एक फोटो पोस्टर पर लगाने के लिए मांगा।
जेपी चौधरी ने फोटो भेज दिया। कुछ देर बाद एक लिंक उनके व्हाट्सएप पर आया। इसके बाद ठग ने फोन करके कहा कि पोस्टर भेजा है, देख लें, ठीक है। जैसे ही जेपी ने लिंक पर क्लिक किया तो उनके खाते से 350 रुपये कट गए। खाते में मात्र 350 रुपये ही थे। अगर ज्यादा रुपये होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था। ऐसा मामला पहली बार सामने आया है। साइबर थाने के प्रभारी विनोद वर्धन ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर किसी भी अंजान नंबर से कोई लिंक आता है तो उसे डाउनलोड न करे।