कादरचौक। बेटे की शादी करके घर आए एक अधेड़ की उस समय मौत हो गई जब उन्होंने शरीर में थकान और दर्द दूर करने लिए वहीं के एक झोलाछाप से इंजेक्शन लगवा लिया। इंजेक्शन लगते ही उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से घर में नई बहू आने की खुशी मातम में बदल गई। परिजन ने थाने में झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव भकोड़ा निवासी पुरुषोत्तम (48 वर्षीय) पुत्र मेघसहाय बृहस्पतिवार को अपने पुत्र धर्मवीर की शादी के बाद बरात की विदाई कराकर लौटे थे। शादी में थकान और हाथ पैरों में दर्द की शिकायत होने पर शुक्रवार शाम गांव के ही झोलाछाप की शरण में पहुंचे गए। आरोप है कि उसने थकान दूर करने के नाम पर इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद पुरुषोत्तम का शरीर निष्क्रिय होने लगा। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने रौली गांव थाना उझानी निवासी एक झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे पहले बेटे की शादी ही बृहस्पतिवार को हुई थी।