बिसौली। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिसौली कोतवाली के सामने बुधवार शाम एक बंदर ने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार फल विक्रेता पर झपट्टा मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
बिसौली के मोहल्ला कटरा निवासी असलम (65) फल विक्रेता थे। बुधवार शाम वह अन्य दुकानदारों से हिसाब कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जब वह मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे स्थित कोतवाली के पास पहुंचे तभी उन पर एक बंदर ने झपट्टा मार दिया। बाइक सवार डर गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान उनका सिर सड़क किनारे खड़े पेड़ में जा लगा। सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर लोगों की भी़ड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। फल विक्रेता की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।