दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के कोली गांव में रविवार दोपहर लोहे की सरिया हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे सरिये में उतरे करंट की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के कोली गांव निवासी रामौतार (55) के निर्माणाधीन मकान पर रविवार दोपहर लिंटर डाला जा रहा था। रामौतार छत पर खड़े थे। सड़क पर खड़े मजदूर उन्हें नीचे से लोहे की सरिया दे रहे थे। इसी बीच रामौतार के हाथ की सरिया छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई।
इससे सरिया में करंट उतर आया। करंट लगने से रामौतार गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उनको दातागंज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले आए। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी। ग्रामीणों ने बताया कि रामौतार खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से छह बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली है।
-
लोहे के गेट में आया करंट, गर्भवती महिला की मौत
कछला। नगर के एक मजदूर की गर्भवती पत्नी की लोहे के गेट में करंट आ जाने से उसकी चपेट में आकर मौत हो गई। वह आठ माह की गर्भवती थी।
कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी वीरेंद्र मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार की देर शाम उसकी पत्नी अतर कली (30) अपने मकान का लोहे का गेट बंद कर रही थी। गेट के सहारे ही बिजली का तार जा रहा है। बार-बार गेट खुलने और बंद होने के कारण तार छिल गया, जिससे लोहे के गेट में करंट आ गया।
अतर कली ने जैसे ही गेट बंद किया, करंट की चपेट में आ गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। मृतका के पति ने बताया कि पत्नी आठ माह की गर्भवती थी। उसकी छह बेटियां हैं। संवाद
रामौतार का फाइल फोटो।