बदायूं। हरदोई जिले के ढोंगी बाबा के खिलाफ एक और मुकदमा वजीरगंज थाने में दर्ज हुआ है। ढोंगी बाबा ने साल 2018 में सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 15 लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में अब वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरेली की बिथरी चैनपुर पुलिस ने जनवरी में ढोंगी बाबा को ठगी के एक अन्य मामले में जेल भेजा था।
वजीरगंज निवासी सौरभ शर्मा ने बताया कि साल 2018 में वह रोजगार की तलाश में थे। तभी हरदोई जिले के कोतवाली क्षेत्र के सरोजनी नगर निवासी बाबा विनय कुमार तिवारी पुत्र हरीशंकर तिवारी से उनकी मुलाकात बदायूं के आदर्श नगर निवासी तिकलधारी के घर पर हुई। बातचीत के दौरान सौरभ ने उन्हें बताया उसने समीक्षा अधिकारी की परीक्षा दी है। तब बाबा विनय कुमार ने बताया कि वह उनकी सचिवालय में नौकरी लगवा देगा।
इसके लिए 15 लाख रुपये खर्च करने होंगे। सौरभ ने पत्नी के जेवर बेचकर बाबा विनय कुमार तिवारी को सात लाख रुपये दे दिए। अगले दिन उन्होंने अपने घर पर आठ लाख रुपये छोटे भाई समेत अन्य लोगों के सामने दिए। आरोपी ने उनके 15 लाख रुपये ठग लिए, लेकिन आज तक नौकरी नहीं लग सकी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी ढोंगी बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।