कुंवरगांव। होलिका दहन स्थल को लेकर थाना क्षेत्र के बागरपुर गांव में तनाव का माहौल बन गया है। परंपरागत स्थल को लेकर उठे विरोध और प्रशासनिक दखल के चलते गांव में दो धड़ों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। पुलिस ने एहतियातन 25 लोगों के खिलाफ की शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की है।
गांव के अधिकांश ग्रामीण वर्षों से चले आ रहे होलिका दहन स्थल को बदलने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि आस्था और परंपरा से जुड़े आयोजन को किसी अन्य स्थान पर ले जाना स्वीकार्य नहीं है। वहीं परंपरागत स्थल के समीप रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा लगातार आपत्ति जताए जाने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।
बीते वर्ष दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर राजस्व विभाग की टीम ने गांव से बाहर ग्राम सभा की भूमि को वैकल्पिक स्थल के रूप में चिह्नित कर दिया था। ग्रामीणों के विरोध के चलते पिछले वर्ष होलिका दहन परंपरागत स्थल पर ही कराया गया, लेकिन उस दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर हालात बिगड़ते नजर आए।
एहतियातन पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की थी। इस वर्ष भी विवाद पूरी तरह शांत नहीं हो सका है। किसी समाधान पर सहमति नहीं बनने के कारण पुलिस को फिर सख्ती बरतनी पड़ी है। अब तक 25 ग्रामीणों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।