बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव फकीराबाद में 22 नवंबर की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पीड़ित महेश की ओर से सोमवार की शाम पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
बरेली के थाना भमौरा क्षेत्र के गांव रम्पुरा बुजुर्ग निवासी महेश साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शिखा की शादी 11 नवंबर 2024 को फकीराबाद निवासी पुष्पेंद्र साहू के साथ की थी। पति समेत उसके ससुराल वाले शिखा को लगातार कम दहेज लाने पर प्रताड़ित करते थे। आरोपी दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
पीड़ित महेश ने बताया कि 22 नवंबर 2025 की शाम को गांव के लोगों ने सूचना दी कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। परिवार वहां पहुंचा तो शिखा का शव घर से दूर एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला, जबकि ससुरालीजन घर पर ताला लगाकर गायब थे। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि पीड़ित पिता की ओर से पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।