फोटो- 25 बीडीएनयूजेएचपीएच-01
आस्था की डुबकी लगाकर
किया पितरों को जलदान
प्रतिपदा से श्राद्ध की शुरुआत, पितरों के रूप में ब्राह्मणों को भोज कराया
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। प्रतिपदा के साथ मंगलवार से श्राद्ध की शुरुआत हो गई । पितरों को जलदान करने के लिए गंगाघाट पर तड़के से आस्था का सैलाब नजर आने लगा। गंगा स्नान करने के बाद लोगों ने पहले पितरों का आह्वान कर उन्हें जलदान किया फिर सूर्यदेव को अर्घ्य देकर सुख और शांति की कामना की। जलदान का क्रम दोपहर बाद तक चला।
कछला गंगाघाट पर पितरों को जलदान के लिए तड़के से लोगों के पहुंचने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह दोपहर बाद तक चलता रहा। आसपास इलाके से गंगाघाट पर पहुंचे लोगों ने पहले आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद रीति और रिवाज से पितरों को जलदान कर उनका आह्वान किया। उनकी स्तुति भी की गई। कई लोगों ने प्रतिपदा में घाट पर ही श्राद्ध कराया। घाट पर जुटे ब्राह्मणों को उनकी पसंद का भोजन कराने के बाद उन्हें दक्षिणा भी भेंट की गई। बता दें कि व्रत की पूर्णिमा वाले दिन सोमवार को भी लोगों ने जलदान किया था। आचार्य प्रभुदास प्रवीण जी महाराज ने बताया कि मंगलवार से श्राद्ध शुरू हो गए हैं। पितृपक्ष के 16 दिन पितरों की तिथि पर ही उन्हें भोजन कराने की मान्यता है। पितरों की पसंद का पकवान ही ब्राह्मणों को कराना पुण्यदायक होता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि पकवानों की अधिकता हो लेकिन पितरों के प्रति आदर भाव होना चाहिए।
-----------------
इंसेट
दूसरे दिन भी युवती को खोजने में जुटे रहे गोताखोर
उझानी। सोमवार को कछला गंगा घाट पर नहाते समय डूबी फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के गांव नगरिया निवासी राकेश यादव की 18 वर्षीय बेटी ज्योति का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। घरवाले मंगलवार सुबह में अपने इलाके से भी गोताखोरों को लेकर घाट पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय गोताखोरों की मदद से पूर्वी ओर करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में तलाश कराई। ज्योति का पता नहीं लगने से घरवाले भी परेशान हैं।