30 केंद्रों पर छह एजेंसियां करेंगी धान खरीद
कर्मचारी तैनात और बैनर टांगने के दिए निर्देश, अभी नहीं दिया गया लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। समर्थन मूल्य योजना के तहत धान खरीद की प्रशासनिक कसरत शुरू हो गई है। धान खरीद को जिले में छह एजेंसियों के 30 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती, केंद्रों पर बैनर टांगने सहित अन्य तैयारी पूरी करने को क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। जिले में दो लाख के आस-पास किसान हैं और किसानों की ओर से 70 हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती की जाती है। मौजूदा हालात को देखते हुए कृषि विभाग को अनुमान है कि इस साल धान की बंपर पैदावार होगी। इसके लिए छह एजेंसियों के 30 क्रय केंद्रों को धान खरीदने के लिए स्वीकृति दी गई है। जिसमें खाद्य विभाग की छह, पीएसएस के 13, यूपी स्टेट एग्रो के तीन, कर्मचारी कल्याण निगम के एक, पीसीएफ के 13 और एफसीआई का एक केंद्र खोला गया है। इन केंद्रों पर किसान धान लाकर बेच सकते हैं। किसानों को उनके धान का उचित मूल्य मिल सके इसके लिए मूल्य भी निर्धारित कर दिया गया है। इस दौरान 1750 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद करने का दाम तय किया गया है। जिले में धान की खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी, जो 28 फरवरी को समाप्त होगी।
-------------
अभी शासन से नहीं मिला लक्ष्य शासन की ओर से जिले को अभी लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हुई है। इसके बावजूद अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों में लगे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो पिछले वर्ष की अपेक्षा इस साल लक्ष्य में बढ़ोतरी होगी।
वर्जन---
धान खरीद के लिए तैयारियों की जा रही है। अधिकतर तैयारियों पूरी हो चुकी है। जो रह गई हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कर दिया जाएगा। इस बार एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू होगी। कर्मचारियों के लिए निर्देश दे दिए हैं।
-प्रकाश नारायण, जिला खाद्य विपणन अधिकारी