बदायूं। डीआरडीए इंप्लाइज यूनियन के कर्मचारियों का धरना शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। डीआरडीए कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं किया जाता वे धरने पर बैठे रहेंगे।
विकास भवन परिसर में धरने में शामिल रहे प्रदेश कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रवींद्र मोहन सक्सेना ने कहा कि डीआरडीए कर्मचारी परेशान हैं, लेकिन कोई अधिकारी उनकी दिक्कत सुनने और समझने को तैयार नहीं है। डीआरडीए कर्मियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो राज्य कर्मचारी महासंघ कार्यालयों पर तालाबंदी करेगा। संयुक्त राज्यकर्मचारी और विकास भवन संघ के अध्यक्ष संजय आर्य ने कहा कि अगर सोमवार तक दो माह का वेतन नहीं दिया गया तो परियोजना निदेशक का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर मोहम्मद आरिफ, प्रदीप कुमार, कमल कुमार, राकेश मिश्रा, राजीव भारतीय अनिल गुप्ता, राजीव पाल सिंह, अरशद अली, राजीव भारती, मनोज कुमार, राम प्रकाश, आदि मौजूद रहे।