पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचाव के लिए पशुपालन विभाग ने सघन टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष और सीडीओ ने पशुपालन विभाग की टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने पशुपालकों से कहा कि आय दोगुना करने के उद्देश्य से पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण अवश्य कराएं। पशुओं के स्वस्थ रहने पर ही पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी। सीडीओ शेषमाणि पांडेय ने कहा कि टीकाकरण माइक्रो प्लान/रोस्टर के अनुसार कराया जाएगा। इसमें टीमें गांव में घर-घर पहुंचकर टीकाकरण करेंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस गांव में टीकाकरण हो, वहां के प्रधान, बीडीसी सदस्य को दो दिन पहले बता दिया जाए। गांव में टीकाकरण का प्रचार-प्रसार करा किया जाए। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी दिनेश तोमर ने बताया कि जिले में कुल गाय और भैंसों की संख्या 11 लाख 40 हजार है। 10 लाख 11 हजार वैक्सीन विभाग के पास में है। जिले के सभी ब्लाकों में 48 टीकाकरण टीम काम कर रहीं है। 28 अप्रैल तक सभी पशुओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य है। टीकाकरण करने वाला वैक्सीनेटर घर-घर जाकर टीका लगाएगा। आठ माह से अधिक के गर्भित पशु और चार माह से छोटे बच्चों को टीका नहीं लगाया जाएगा। इस अवसर पर डीडीओ सेवाराम चौधरी, उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी दिनेश तोमर मौजूद रहे।