बदायूं/ सहसवान। मंगलवार को सहसवान तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम तो पहुंच गए, लेकिन उनके अधीनस्थ 10 अधिकारी गायब थे। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सभी का वेतन रोकने का आदेश दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 127 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें से 12 का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। लोगों की शिकायत पर लेखपाल रामनाथ का स्थानांतरण करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी चंद्र प्रकाश, सीडीओ शेषमणि पांडेय ने जनता की शिकायतें सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतें समय से गुणवत्तापूर्वक निस्तारित की जाएं। चुनाव से फुरसत मिल गई है, सभी अधिकारी अपना कार्य करने का तौर तरीका बदल लें। अधिकारी कार्यालय में समय से पहुंचें। आईजीआरएस में यदि एक भी शिकायत लंबित पाई गई, तो संबंधित अधिकारी का वेतन रोका जाएगा।
ग्राम गहलोल निवासी प्रेमवती ने शिकायत की है कि कुछ लोगों ने चकमार्ग जोत लिया है। डीएम ने संज्ञान लेते हुए चार लेखपालों, दो कांस्टेबलों को मौके पर जाकर मुआयना करने के निर्देश दिए। गांव पितांबर नगर निवासी नीलम ने शिकायत की कि उसके पति की मृत्यु को एक साल पहले हो गई, लेकिन उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। अरशद अली ने शिकायत की कि पीडब्ल्यूडी की भूमि पर भूरा, मोहम्मद मियां अवैध कब्जा किए हुए हैं। इस पर डीएम ने कहा कि जो भी सरकारी जमीन पर कब्जा किए हैं, उन लोगों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने टीम गठित कर विद्युत, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग सहित सभी विभागों का निरीक्षण कराया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ.नेमी चंद्रा, डीडीओ सेवाराम चौधरी मौजूद रहे।
बिल्सी। तहसील सभागार में आयोजित हुए तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी लाल बहादुर ने जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान करीब 27 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से मौके पर छह का निराकरण हो सका। ज्यादातर शिकायतें चकबंदी, जल निगम, बिजली, राशन वितरण प्रणाली, लोक निर्माण, पुलिस विभाग से जुड़ी हुई थी। इस मौके पर डिप्टी सीवीओ डॉ.आरपी सिंह, डॉ.पवन कुमार, पूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार, डॉ.देवेंद्र सिंह, मंडी सचिव बलवीर सिंह, एसीओ दिनेश कुमार शर्मा, ऋषिपाल सिंह, महेंद्र सिंह, कुशलपाल आदि मौजूद रहे।
----------
इन अधिकारियों का रोका वेतन
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएसओ, डीसीओ, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ईओ जल निगम, एसओसी, सीवीओ अनुपस्थित मिलने पर इन अधिकारियों का अग्रिम कार्रवाई तक वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
-----------
उपस्थिति मिली दर्ज, नहीं थे स्वास्थ्य कर्मी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान में स्वास्थ्य कर्मी अतुल पाठक, नर्सिंग वीरेंद्र सिंह की अस्पताल आए बिना ही हाजरी लगी हुई थी। इसपर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमओ को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्रवाई करने, वेतन रोकने और साफ-सफाई के भी निर्देश दिए।