नाधा। यूपी बोर्ड परीक्षा का जैसे-जैसे समय नजदीक आता जा रहा है। वैसे वैसे ही शिक्षा विभाग के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है, और खामियां उजागर हो रहीं हैं। अबकी यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाने के गूगल मैप का सहारा लिया गया था, लेकिन फिर भी कई खामियां रह गईं।
सहसवान तहसील के नाधा में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का परीक्षा केंद्र गूगल मैप के आधार पर 34 किमी की दूरी पर मां शारदा देवी इंटर कॉलेज पडरिया बनाया गया है। इसमें हाईस्कूल की छात्राओं का परीक्षा केंद्र, तो नाधा के ही नजदीक जनता इंटर कॉलेज नूरपुर पिनौनी में बनाया गया, लेकिन हाईस्कूल बालक वर्ग और इंटरमीडिएट का बालक, बालिका वर्ग दोनों का ही परीक्षा केंद्र 34 किमी की दूरी पर बनाया गया है। जबकि इतनी दूरी पर बनाए गए इस परीक्षा केंद्र के लिए जाने आने का भी कोई साधन नहीं है। ऐसे में इतनी दूरी तय करके समय से परीक्षा केंद्र पहुंचना परीक्षार्थियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। मानक के अनुसार अधिकतम दूरी 5 से 8 किमी होनी चाहिए, यह केंद्र 34 किमी की दूरी पर है।
डीआईओएस मुन्ने अली का कहना है कि सभी सेंटर मानक के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए थे। सभी प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी दी गई थी, इस मामले को दिखवाता हूं, अगर ऐसा हुआ है तो प्रधानाचार्य लिखकर दें।