आसफपुर-ओरछी।
यदि थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने थोड़ी समझ दिखाई होती तो बवाल नहीं होता।
गांव गनगोली के बाइक सवार दीपक की मौत की खबर के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर सिर्फ एक साइड में बाइक पड़ी थी और सड़क पर खून था। मांस के चिथड़े भी थे। घर वालों को रो-रोकर बुरा हाल था। उनके मुंह से तो सिर्फ यहीं निकल रहा था कि आखिर दीपक कैसा है। कोई तो बता दें। वह थाने पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शी कहते हैं कि उस समय थाने में एसओ रामनरेश माथुर मौजूद थे। लोगों ने उनसे दीपक के बारे में पूछा तो एसओ ने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। उल्टे पीड़ित परिवार वालों और उनके साथ आए लोगों को हड़काने की कोशिश की। कह दिया कि उन्होंने शव को जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहां चले जाओ। एसओ का इतना कहते ही भीड़ में शामिल लोग आग बबूला हो गए, हाईवे को जाम कर दिया। पुलिस को यह अनुमान नहीं था कि इतना बवाल बढ़ जाएगा। जब लोगों ने पुलिस वालों को दौड़ा लिया था तो हाथ-पैर फूले। इधर, जाम के कारण वाहनों की कतार लग गई। इधर, लोगों का कहना था यदि पुलिस ने पीड़ित परिवार वालों से सही से बात कर उन्हें सही जानकारी दी होती तो ऐसा नहीं होता।
--------------
सीओ उझानी ने लिखाया मुकदमा
ओरछी। सीओ उझानी एसके सिंह ने भीड़ को समझाया। कहा कि वह मुकदमा दर्ज कराएं। इस पर भीड़ ने कहा कि उन्हें थाना फैजगंज बेहटा पुलिस पर कोई भरोसा नहीं है। इस पर सीओ ने कहा कि वह अपने सामने ही मुकदमा दर्ज कराएंगे। तब मृतक के पिता ओमप्रकाश की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि हेल्पर को हिरासत में ले लिया गया है।
--
रूट डायवर्ट कर निकाले गए वाहन
आसफपुर। हाईवे पर जाम होने के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गईं। सो रूट डायवर्ट कर वाहनों को ओरछी से आसफपुर होते हुए बिसौली को निकाला गया।