गुलड़िया/मूसाझाग (बदायूं)। खेतिहार इलाके से गेहूं निकालकर लौट रहा थ्रेशर अचानक खाई में पलट गया, जिसके नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। परिवार वालों ने ट्रैक्टर मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम किसरुआ निवासी जितेंद्र पाली (18) पुत्र नन्हेलाल पाली अपने ही ताऊ पातीराम के ट्रैक्टर पर थ्रेशर से गेहूं निकासी का काम कर था। शनिवार सुबह जितेंद्र उतरना गांव के खेतों से गेहूं निकासी करके लौट रहा था, तभी अचानक रास्ते में ट्रैक्टर में जुता थ्रेशर तेज रफ्तार होने से खाई में पलट गया। उस समय ट्रैक्टर पातीराम का लड़का महीपाल चला रहा था। जितेंद्र उसी थ्रेशर के नीचे दब गया। हादसे को देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दर्जनों लोगों ने मिलकर जैसे-तैसे थ्रेशर को उठाया और जितेंद्र को निकाला। उसके बाद परिवार वाले युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिवार वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई और फिर शव का पोस्टमार्टम करा दिया। नन्हें लाल ने पातीराम के बेटे पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का आरोप लगाया है। फिलहाल इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।