उझानी (बदायूं)। खेत पर पिता को पानी पहुंचाकर घर लौट रही छात्रा पैर फिसल जाने से तालाब में गिर पड़ी। मछलियां पकड़ रहे युवक यह देखकर उस ओर दौड़ पड़े लेकिन तब तक वह डूब गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद मछुआरों ने उसे बाहर तो निकाल लिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वह मोहल्ले के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-पांच की छात्रा थी।
हादसा शनिवार दोपहर में नझियाई मोहल्ले के गुठाइन तालाब में हुआ। मोहल्ले के ही अरविंद कश्यप की बेटी अंजली (12) अपने पिता को पानी देने के लिए खेत पर गई थी। खेत का रास्ता भी तालाब से सटा हुआ है। लौटते में मेड़ पर से उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गई। अंजली जहां गिरी, वहां पानी की गहराई अधिक थी। यह देख दूसरी छोर पर मछलियां पकड़ने में जुटे दो-तीन युवक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अंजली की खोजबीन शुरू कर दी। इसकी भनक लगते ही उसके परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों का भी तालाब के आसपास जमघट लगा रहा। मछुआरों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाल लिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि घरवाले उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास भी पहुंचे लेकिन उन्होंने भी उसे देखकर मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पिता अरविंद ने बताया कि अंजली उसकी पांच संतान में दूसरे नंबर की थी। वह नझियाई मोहल्ले के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-पांच की छात्रा थी। पढ़ने में वह काफी होशियार थी।
------------------
तालाब में पहुंचता है कई मोहल्लों के नालों का पानी
उझानी। गुठाइन तालाब का रकबा काफी अधिक है। गौतमपुरी, अहीरटोला, साहूकारा और बाजार कलां समेत नझियाई मोहल्ले के नालों का पानी भी इसी तालाब में गिरता है। पिछले साल बाईपास पर बने नाले के एक छोर का रुख भी इसी तालाब की ओर कर दिया गया था। पालिका सदस्य प्रेमपाल कश्यप ने बताया कि नालों के पानी का प्रवाह दूसरी तरफ किए जाने को लेकर वह पालिका अफसरों से भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन गौर नहीं किया जाता।