शहर के साथ ही गांवों में भी मशीन से बंटेगा राशन
रुकेगी खाद्यान्न वितरण में मनमानी
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। पूर्ति विभाग की ओर से अभी तक शहर की दो सौ राशन की दुकानों पर पीओएस मशीन के जरिए राशन का वितरण किया जा रहा था। पॉश मशीन लग जाने से राशन वितरण में हेराफेरी बंद हो गई। अब विभाग की ओर से जिले भर में इन पीओएस मशीनों से राशन का वितरण करेगा। इसके लिए प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत कार्डधारकों को दो रुपये प्रति किलो की दर से गेहूं एवं तीन रुपये की दर से चावल दिया जाता है। अक्सर कार्डधारकों की तरफ से शिकायत की जाती है कि कोटेदार उनको राशन नहीं दे रहे हैं। इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार की ओर से जतन किया गया है। इसके तहत जिले के नगरीय क्षेत्रों में 200 कोटे की दुकानों से पॉश मशीन से राशन का वितरण कराया जा रहा है। शहर में सफलतापूर्वक वितरण करने के बाद में ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर पीओएस मशीन लगाने की बारी आ गई है। नगरीय क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों की 1119 कोटे की दुकानों से इस मशीन से राशन वितरण कराने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसमें कोटेदार का पूरा विवरण होगा। साथ ही इसे देने से पहले उन्हें पूर्ति विभाग की ओर से प्रशिक्षित किया जाएगा।