सहसवान में तीन घर
जले, लाखों की क्षति
शेखूपुर में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आठ बीघा गेहूं जला
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान। इलाके के नगलाबरन गांव में अचानक लगी आग में तीन घर और तीन पशुशालाएं जल गईं। इसमें एक भैंस और दो बकरी जिंदा जलकर मर गईं।
हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सहसवान तहसील क्षेत्र के गांव नगलाबरन में हुआ। भिखारी के घर के छप्पर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। उस वक्त हवा तेज चल रही थी, जिससे कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोसी हरिकिशन, भरत सिंह के मकानों, वीरेंद्र व प्रेमपाल की पशुशालाओं तक आग पहुंच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया तब तक घरों में रखा काफी सामान जल गया। भिखारी की पशुशाला में बंधी एक भैंस और दो बकरियां जिंदा जल गई। सूचना पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक भारत सिंह, लेखपाल गोवर्धन सिंह ने आग से हुई क्षति का आकलन किया।
शेखूपुर। बिजली के तारों से निकली चिंगारी से गेहूं की चार बीघा फसल जल गई।
शेखूपुर निवासी मुख्तार कुरैशी के करीब चार बीघा खेत में गेहूं की फसल कटाई को तैयार खड़ी थी। उनके खेत के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है। बुधवार को तेज हवा में लाइन के तार आपस में छू गए। तारों के बीच हुई स्पार्किंग में निकली चिंगारियों से खेत में आग लग गई। शोर सुनकर जमा हुए ग्रामीणों ने जब तक आग बुझाई मुख्तार के खेत में खड़ी गेहूं की पूरी फसल जल गई। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी।