बदायूं। निकाय चुनाव में लगे कर्मचारियों ने बुधवार को राजकीय महाविद्यालय में डाक मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले दिन 49 कर्मिकों ने वोट डाले। इसमें सर्वाधिक मत बदायूं नगर पालिका में पड़े। जबकि फैजगंज, उसहैत, सखानू, कुवरगांव समेत छह नगर पंचायतों में एक भी वोट नहीं पड़ा।
शासकीय कर्मचारियों को अक्सर चुनाव ड्यूटी में लगने के कारण चुनाव वाले दिन मताधिकार से वंचित रहना पड़ता है। इसको लेकर चुनाव आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को मतदान का हरसंभव मौका दिया जाए। यही वजह है कि इस बार कर्मचरियों को तीन दिन का मौका दिया गया। इसमें 15, 16 और 17 नवंबर के बीच में चुनाव में लगे कर्मचारी अपने मत का प्रयोग 11 से तीन बजे के बीच कर सकते हैं। शहर के राजकीय महाविद्यालय कॉलेज परिसर में सातों नगर पालिका समेत 13 नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। -----------
कितने पड़े वोट
नगर पालिका बदायूं के लिए 16, ककराला के लिए 2, बिसौली के लिए 3, उझानी के लिए 5, बिल्सी के लिए 2, सहसवान के लिए 4, दातागंज के लिए 2 वोट पड़े। इसी प्रकार नगर पंचायत कछला के लिए एक, मुडिया के लिए दो, इस्लामनगर के लिए पांच, रुदायन, वजीरगंज के लिए एक-एक, गुलडिया के लिए 3, सैदपुर के लिए एक वोट पड़ा।
नगर पंचायत फैजगंज, अलापुर, उसावां, कुवरगांव, सखानू, उसहैत के लिए किसी ने मतदान नहीं किया।