उझानी (बदायूं)।
नगर में पेयजल की किल्लत और गंदगी होने पर भी कीटनाशक का छिड़काव नहीं कराने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौराहे पर नारेबाजी की और ईओ का पुतला दहन किया।
नगर अध्यक्ष अरुण पाराशर की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर में नारेबाजी करते हुए घंटाघर चौराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने किलाखेड़ा समेत प्रमुुुख इलाके में पेयजल की व्यवस्था न होने और गलियों में गंदगी बताते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार पालिका अफसरों से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने समाधान नहीं किया। गंदगी की वजह से मोहल्ले में बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर ईओ का पुतला दहन भी किया। साथ ही डीएम को संबोधित ज्ञापन भेजकर पेयजल और गंदगी की समस्या से लोगों को निजात दिलाने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रदर्शनकारियों में सिपट्टर सिंह सोलंकी, प्रशांत, पप्पू अंसारी, मुजाहिद रजा, मोहम्मद सगीर, अंकित शर्मा, गिरीश चंद्र मिश्रा आदि शामिल थे।