बदायूं। नगर पंचायत कुंवरगांव क्षेत्र में अब सड़कों पर अंधेरा नहीं रहेगा। नगर पंचायत प्रशासन ने क्षेत्र की प्रमुख सड़क बदायूं-आंवला मार्ग को रोशन करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। 15 दिन के भीतर लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रात के समय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कुंवरगांव से होकर गुजरने वाले बदायूं-आंवला मार्ग पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लाइटें लगाई जा रहीं हैं। खंभों को लगाने के लिए फाउंडेशन बनाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, परियोजना पर लगभग 55 लाख रुपये की लागत आएगी।
हर लाइट को लगभग 20 से 25 मीटर की दूरी पर लगाया जाएगा ताकि पूरी सड़क पर समान रूप से रोशनी फैले। कुल 60 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे यह मार्ग रात में पूरी तरह जगमग दिखेगा। अधिकारियों ने बताया कि लाइट लगाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नगर के अन्य वार्डों की मुख्य सड़कों पर भी इसी तरह की लाइटें लगाई जाएंगी। नगर पंचायत अधिकारी का कहना है कि सड़कों पर रोशनी बढ़ने से न केवल सौंदर्य में निखार आएगा, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह बेहद उपयोगी साबित होगा। रात में पैदल यात्रियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
विद्युत उपकेंद्र से झबरा की पुलिया तक रहता है अंधेरा
अनिल सिंह और अनमोल गुप्ता का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र से लेकर झबरा की पुलिया तक का क्षेत्र रात में पूरी तरह अंधकारमय रहता है। अंधेरा होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि इस हिस्से पर भी स्ट्रीट लाइटें लगा दी जाएं तो न केवल आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि पूरा क्षेत्र चमक उठेगा।
नगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस रोड पर लाइट लगाई जाएगी। इससे नगर की सुंदरता और भी बेहतर होगी। 15 दिन के भीतर यह लाइट लगा दी जाएगी। -ज्योति रानी, चेयरपर्सन, नगर पंचायत