बदायूं। आसफपुर विकास खंड के ग्राम भूड़ बिसौली में विकास कार्यों में धांधली के गंभीर आरोपों की जांच में अनियमितताएं साबित होने पर डीएम ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत पर जांच के बाद प्रधान अपसाना के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए हैं। साथ ही प्रधान और तत्कालीन सचिव से लाखों रुपये की धनराशि वसूलने के आदेश जारी किए गए हैं।
भूड बिसौली निवासी इसरार खान ने 24 फरवरी 2023 को जिला स्तरीय अधिकारियों से ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। डीएम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए एक जांच समिति गठित की। जांच में खुलासा हुआ कि कई कार्य केवल कागजों में ही पूरे दिखाए गए, जबकि जमीनी स्तर पर अधिकांश कार्य अधूरे पाए गए।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि सड़कों और नालियों के निर्माण, सफाई कार्य, कूड़ा निस्तारण गाड़ी की खरीद और सीसी कैमरों की स्थापना में अनियमितताएं बरती गईं। ग्राम पंचायत के अभिलेखों में नूरी मस्जिद पर सीसी कैमरे लगाए जाने का उल्लेख था, जबकि मौके पर कोई कैमरा नहीं मिला। इस मामले में ग्राम प्रधान व तत्कालीन सचिव से 17 हजार रुपये की वसूली की संस्तुति की गई है।
इसी तरह सफाई कार्यों के नाम पर 2.61 लाख रुपये, कूड़ा गाड़ी की खरीद में 16,500 रुपये, व हैंडपंप मरम्मत व रिबोर आदि के काम में 5.37 लाख रुपये की गड़बड़ी पाई गई। डीएम ने इन सभी मदों में संबंधितों से धनराशि वसूलने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा, अमानउल्ला नामक व्यक्ति ने अपने घर के सामने निजी खर्चे से सड़क की मरम्मत कराई थी, लेकिन प्रधान और तत्कालीन सचिव ने फर्जी बिल बनवाकर ग्राम निधि से भुगतान कर लिया।
इस गड़बड़ी के लिए भी ग्राम विकास अधिकारी कपिल गौतम और तत्कालीन सचिव से राशि वसूले जाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में कुल 8.32 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन की पुष्टि हुई है। डीएम ने अंतिम जांच के लिए उप कृषि निदेशक को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच रिपोर्ट आने तक ग्राम प्रधान अपसाना के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार निलंबित रहेंगे।