बदायूं। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विद्यालयों में चुनाव की पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीईओ को निर्देश दिए है। प्रत्येक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, जूनियर विद्यालयों में आज पाठशाला का आयोजन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए 23 फरवरी को चुनाव पाठशाला का आयोजन जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों में किया जाएगा। इसमें विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से गांव के सभी लोगों और बच्चों को बुलाकर इस बात के प्रति जागरूक किया जाएगा कि प्रत्येक व्यक्ति आज और कल बूथ पर पहुंचकर अपना-अपना नाम वोटर लिस्ट में अवश्य चेक कर ले, ताकि अगर किसी का नाम नहीं है, तो उसे जोड़ा जा सके या फिर कोई नाम लिस्ट से हटाना हो, तो उसे हटाया जा सके।
डीएम ने कहा कि प्रधानाध्यापक ये भी बताएं कि लोकतंत्र के इस पर्व में मतदान का कितना अधिक महत्व है। प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग मतदान के दिन अवश्य करे, साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने सभी बीईओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ब्लॉक में आज होने वाले कार्यक्रम के फोटो व रिपोर्ट तैयार कर बीएसए के माध्यम से डीआईओएस को दें।