बदायूं। बैंक के शाखा प्रबंधकों की बैंकर्स सेंसिटाइजेशन के लिए एक दिवसीय कार्यशाला व समीक्षा बैठक सीडीओ की अध्यक्षता में विकास भवन में हुई। इसमें पीएनबी, एसबीआई, बीओबी की सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) पत्रावलियां लंबित पाई गईं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि 24 फरवरी तक सभी लंबित पत्रावलियों का निस्तारण कर लिया जाए।
सीडीओ निशा अनंत ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य गरीब ग्रामीण महिलाओं को समूह से जोड़ना है, जिससे उनके कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उनके रहन-सहन के स्तर को आर्थिक रूप से बेहतर किया जा सके, साथ ही गांव में रहने वाली महिलाएं, जो आर्थिक रूप से पिछड़ी हुई हैं, उन्हें आजीविका से जोड़ते हुए समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जा सके। सीडीओ ने बैठक के दौरान पाया कि सीसीएल पत्रावलियां कई बैंकों में लंबित चल रही है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी तक इसे हर हाल में पूरा कर लिया जाए, साथ ही रोजाना इसकी प्रगति रिपोर्ट के बारे में भी बताएं। सीडीओ ने कहा कि 26 फरवरी को दोबारा इन्ही बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की जाएगी। सभी बैंक मैनेजर को यह भी निर्देश दिए गए कि तकनीकी कमियों का भी तुरंत समाधान किया जाए, जिससे समूह की महिलाओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। एलडीएम ने बैंक द्वारा सभी लंबित पत्रावलियों के निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्वत: रोजगार के उपायुक्त बृजमोहन अंबेड आदि मौजूद रहे।