बदायूं। नगर निकाय के अध्यक्ष पद की आरक्षण सूची जारी होते ही रातोंरात चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। सूची जारी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों ने अपना चुनावी गणित बैठाना शुरू कर दी है। ज्यादा दावेदार भाजपा और सपा में दिखाई दे रहे हैं। बाकी दल भी प्रत्याशियों को इस चुनावी समर में उतारेंगे।
नवंबर में निकाय चुनाव होना तय माना जा रहा है। 25 अक्तूबर तक आचार संहिता जारी होने की उम्मीद है। निकाय चुनाव को लेकर हर दल तैयारी में लगा है। अब अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की अधिसूचना जारी हो गई है। इसका काफी दिनों से दावेदारों को इंतजार था।
शहर सीट को लेकर शायद महिला दावेदारों को पहले से पूरी उम्मीद थी कि यह सीट उनके लिए सुरक्षित रहेगी। सो कई महिलाओं ने पहले से ही अपने पक्ष में माहौल बनाने को होर्डिंग्स, पोस्टर आदि जगह-जगह चस्पा कर दिए थे। दातागंज में पहली बार निकाय का चुनाव होगा। इससे पहले दातागंज नगर पंचायत थी। जारी अधिसूचना के तहत दातागंज को पिछड़ा वर्ग में रखा गया है। ककराला, बिसौली, बिल्सी, उझानी और सहसवान को अनारक्षित रखा गया है। नगर पंचायतों का भी आरक्षण जारी होने से गतिविधियां तेज हो गईं हैं।
सोशल मीडिया पर छाए दावेदार
बदायूं। निकाय चुनाव में अध्यक्ष और सदस्य पद के दावेदार अब सोशल मीडिया पर छाने लगे हैं। ज्यादातर भाजपा और सपा से टिकट हासिल करने के प्रयास में हैं। सो वह सोशल मीडिया के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने में लग गए हैं।
--------------
अब राजनीतिक दल खोलेंगे अपने पत्ते
बदायूं। चूंकि अब तक अध्यक्ष पद के आरक्षण की अधिसूचना जारी नहीं हुई थी इसलिए किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रत्याशियों के नाम पहले से घोषित नहीं किए। अब संभावित प्रत्याशियों ने राजनीतिक दलों से टिकट प्राप्त करने को ताकत लगानी शुरू कर दी है।
----------
शहर के 29 वार्डों में 10 पर महिलाएं लड़ सकेंगी चुनाव
बदायूं। नगर निकाय चुनाव के लिए आरक्षण की सूची जारी होते ही शहर के वार्ड सदस्यों की महिला दावेदार सक्रिय हो गई हैं। बदायूं नगर पालिका में कुल 29 वार्ड हैं। चुनाव आयोग ने जारी सूची के अनुसार शहर में एक सीट महिला अनुसूचित जाति, छह महिला समान्य और तीन सीटें महिला ओबीसी के लिए आरक्षित की गई हैं। इनके अलावा दो अनुसूचित जाति, चार ओबीसी और शेष सीटें सामान्य हैं। जिला प्रशासन की ओर से आरक्षण सूची चस्पा कर दी गई है। इस पर प्रशासन को चार आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनका निस्तारण किया जा रहा है।