बदायूं। श्री हनुमान जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से शनिवार को शहर में भव्य हनुमान शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बाहर से आई झांकियां तथा अखाड़े आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा का कई जगहों पर भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ पुरानी चुंगी स्थित हरप्रसाद मंदिर से हुआ जो टिकटंगज, हलवाई बाजार, बड़ा बाजार आदि स्थानों से होती हुई शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में बरेली, बहजोई, बुलंदशहर, एटा, इटावा, चंदौसी, आगरा आदि स्थानों से आई स्वचालित झांकियां शामिल रहीं। इसके अलावा काली अखाड़े, बैंड व हनुमान जी महाराज का सिंहासन भी आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भोले शंकर, माता पार्वती, दुर्गा मां, गणेशजी आदि की स्वचलित झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। रात के समय इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सुसज्जित झांकियों की शोभा देखते ही बन रही थी। शोभायात्रा का कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जोगीपुरा छह सड़का पर तुलाराम असौलिया, आसाराम, गिरीश असौलिया, कुलदीप कुमार आदि ने जलप्याऊ लगवाई तथा प्रसाद का वितरण किया। शोभायात्रा की समाप्ति के बाद इसका विधिविधान पूर्वक आरती के साथ विसर्जन किया गया।