अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। जिले में बुखार से हो रही मौत को लेकर जिला प्रशासन कुछ सक्रिय हुआ है। बृहस्पतिवार को डीएम अनिता श्रीवास्तव ने पत्रकारों के सामने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से हकीकत पेश करने को कहा। हालांकि प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद सीएमओ ने अजीब आंकड़े पेश किए। एक दिन पहले बुखार से 26 मौत बताने वाले सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा ने आंकड़ों में केवल 19 लोगों की जान जाने का दावा किया। उनका कहना है कि अब तक जिले में केवल 31 लोगों की मौत हुई है। जिसमें 12 मौतें अन्य कारणों से हैं।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में 8568 रोगियों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा चुकी है। सोलह गांवों में बुखार से लोगों की मौत हुई है। उनका कहना है कि एंटीलार्वा छिड़काव 31 गांवों में और फॉगिंग 29 गांवों में कराई जा चुकी है। उन्होंने बीमारियों से बचने के उपाय भी बताए।