सैदपुर में बारात घर के निर्माण के लिए सर्वे टीम। संवाद
सैदपुर। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक और तीन स्थित हरिजन बस्ती में प्रस्तावित बरातघर के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए शासन से तीन करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का जल निगम की संस्था सीएंडडीएस के माध्यम से सर्वे कराया गया है।
सर्वे के दौरान संस्था के जेई और कर्मचारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जगह की स्थिति और निर्माण संबंधी आवश्यक जानकारी जुटाई। चेयरमैन इशरत अली खान ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप हरिजन बस्ती में बरातघर के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। बरातघर बनने से नगरवासियों को शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक आयोजनों में सुविधा होगी। इस अवसर पर सीएंडडीएस के जेई नरेंद्र कुमार, लेखा अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, आलम रहमान, नाजिश शेख, राम बहादुर सहित नगर पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे।