बिल जमा न करने वाले सरकारी दफ्तरों की बिजली होगी गुल
दो दिन में काटे जा चुके हैं 232 उपभोक्ताओं के कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। बकाया बिल वसूली के लिए बिजली अफसरों ने पूरी ताकत लगा दी है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अंतर्गत 1790 उपभोक्ताओं पर एक-एक लाख से ज्यादा का बिल बकाया है। इनमें सरकारी महकमे भी शामिल हैं। इसी का नतीजा है कि बिल जमा न करने पर दो दिन में 232 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इन पर कुल 3 करोड़ 35 लाख का बिल बकाया था।
पिछले दिनों चीफ इंजीनियर ने यहां पहुंचकर तीनों खंडों की राजस्व की वसूली की थी। निर्देश दिए थे कि किसी भी बकाएदारों को बख्शा नहीं जाए। लक्ष्य के अनुरूप वसूली की जाए। सो तीनों खंडों के अधिशासी अभियंता लगे हुए हैं। खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि उनके क्षेत्र में चल रहे वसूली अभियान के अंतर्गत बीते दिन एक-एक लाख से ज्यादा की बकाया होने पर 232 कनेक्शन काटे गए हैं। इन पर तीन करोड़ 35 लाख 86 हजार की बकाया थी। बोले-उनके क्षेत्र में 1790 ऐसे उपभोक्ता हैं जिन पर एक-एक लाख से ज्यादा की बकाया है इनमें कई सरकारी महकमे भी हैं। इन सभी पर 26 करोड़ 88 लाख से ज्यादा की बकाया है। बकाया में काटे गए कनेक्शनों ने उसावां, वजीरगंज, बिल्सी क्षेत्र के 45 प्राथमिक स्कूल भी हैं। बेसिक स्कूलों पर 26 करोड़ की बकाया है और मात्र दस लाख का भुगतान किया गया है।
ईई छैल बिहारी ने बताया कि आज बिल्सी में बकाया जमा नहीं करने पर 10 बड़े उपभोक्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 12 उपभोक्ताओं को आरसी जारी की गई है, जबकि 54 को आरसी के नोटिस जारी किए गए हैं। 16 लाख रुपये की वसूली भी गई है।
..........
इन सरकारी महकमों पर है बकाया
सीएचसी वजीरगंज पर 13 लाख तीन हजार, घटपुरी सीएचसी पर चार लाख 43 हजार, गोठा अस्पताल पर 1.27 लाख, बीडीओ समरेर पर 5.43 लाख, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय बिल्सी पर एक लाख, सीएचसी रामपुरटांडा पर 2.19 लाख, बीडीओ म्याऊ पर 1.79 लाख, सामुदायिक भवन कुड़ा कंचनपुर पर 2.26 लाख, प्राइमरी स्कूलों पर 26 करोड़ आदि पर बकाया है।
........
बड़े उपभोक्ता सरकारी या निजी सभी को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। फिर भी वे अदा नहीं कर रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ कनेक्शन काटे जाने के साथ ही आरसी जारी करने की कार्रवाई चल रही है।
- छैल बिहारी, अधिशासी अभियंता