बदायूं। प्रदेेश सरकार ने दिव्यांगों को राहत देते हुए राशन वितरण की नई योजना लागू की है। इसके तहत राशन लेने के लिए उन्हें अब दुुकानों पर जाने की जरूरत नहीं होगी। पीओएस (पॉस) मशीन के माध्यम से उन्हें घर पर ही राशन मुहैया कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित कोटेदार की होगी। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी। सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए मैनुअल राशन वितरण की जगह डिजिटल तरीके से राशन वितरण कराने का आदेश दिया है। नई व्यवस्था के तहत कोटेदार दुकान पर पीओएस मशीन से राशन वितरण कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए लोगों को राशन लेने के लिए दुुकान पर ही जाना पड़ता था, लेकिन अब दिव्यांगों को राशन पाने के लिए दुकान पर लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। प्रदेश सरकार ने होम डिलीवरी राशन की सुविधा शुरू की है। दिव्यांगों को राशन देने के लिए कोटेदार पीओएस मशीन लेकर घर जाएंगे। थंब इम्प्रेशन (अंगूठे का निशान) की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्ड में आवंटित राशन उसे दे देंगे।
----------
सिर्फ इन दिव्यांगों को मिलेगा लाभ शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले दिव्यांग अथवा अशक्त मुखिया के अलावा परिवार में कोई और बालिग सदस्य नहीं होगा तो उनके घर होम डिलीवरी कराई जाएगी। परिवार में किसी बालिग सदस्य के होने पर उसके आधार कार्ड को लिंक कराकर दुकान से राशन लेने की सुविधा दी जाएगी।
-----------
प्रदेश सरकार की ओर से दिव्यांगों को सहूलियतें दी जा रही है। इसके तहत राशन लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इसके लिए नए नियमों को लागू किया है।
-रामेंद्र प्रताप सिंह, डीएसओ