बदायूं। कनेक्शन देने में घूसखोरी की सूचना मिलने पर सोमवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने विद्युत विभाग के नवादा स्थित भंडार केंद्र पर छापा मारा। वहां मौजूद एसडीओ को निर्देश दिए कि नलकूप का कनेक्शन अगर घूूस लेकर दिया तो सीधे जेल जाओगे। डीएम ने कहा कि इस मामले में किसी की सिफारिश भी नहीं चलेगी। वह चाहे मेरी ही क्यों न हो। अब कनेक्शन सीरीज से दिए जाएंगे। महीने में दो बार सूची चस्पा की जाएगी। इसमें स्पष्ट दर्ज होगा कि किसको किस तारीख में कनेक्शन मिलेगा। सूची चस्पा करने के साथ ही उपभोक्ता को फोन करके भी सूचना देनी होगी, जिससे वह नियत तिथि पर कनेक्शन लेने पहुंच सके।
एसडीओ और जेई के पास महीनों चक्कर लगाने के बावजूद किसानों को नलकूप का कनेक्शन नहीं मिल पा रहा था। आरोप था कि कनेक्शन देने के बदले दस हजार रुपये की घूस ली जा रही है। इसकी शिकायत डीएम दिनेश कुमार के पास पहुंच गई। डीएम ने सोमवार को दिन में 11:15 बजे शहर के नवादा स्थित विद्युत भंडार केंद्र पर छापा मारा। गाड़ी रुकते ही वहां मौजूद किसानों ने डीएम केे चारों ओर से घेर लिया और शिकायतें सुनाना शुरू कर दीं। अचानक सामने डीएम को खड़ा देख एसडीओ वरुण कुमार गांगुली और अन्य कर्मचारियों को पसीना आ गया। डीएम ने बोर्ड पर चिपकी किसानों की लिस्ट देखी, जिसमें कनेक्शन देने की तारीख स्पष्ट नहीं थी। डीएम ने इस पर एसडीओ से नाराजगी जाहिर की। डीएम ने बिजली कनेक्शन के लिए सामान जारी करने वाले कृषकों की सूची तिथिवार, किस कृषक को किस तारीख में सामान मिलेगा, सूची अपने सामने चस्पा कराई। उन्होंने कहा कि इसकी एक प्रति उनके कार्यालय पर भी लगाई जाए। संबंधित लेखपाल अपने हल्का क्षेत्र के किसानों को इसकी जानकारी देंगे कि उसे किस तारीख को सामान मिलेगा। इससे किसानों को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
डीएम ने भंडार केंद्र के एसडीओ वरुण कुमार गांगुली से कहा कि चाहे मैं ही क्यों न कहूं किसी भी किसान को बिना सीरीज के सामान न दिया जाए। बिजली कनेक्शन का सामान देने के लिए कुल 400 मामले लंबित हैं। बोर्ड पर चार अप्रैल तक की सूची लगी हुई थी। वहीं ब्लाक बिसौली के ग्राम कैथोली निवासी विजय पाल का कहना है कि उसकी रसीद नौ मार्च 2017 की है, उसका अब तक नंबर नहीं आया है। डीएम ने एसडीओ से इसका कारण पूछा तो बताया कि सामान देने की तिथि रसीद के आधार पर नहीं, बल्कि एस्टीमेट प्राप्ति के आधार पर तय की जाती है। डीएम ने कहा कि अब कनेक्शन का सामान देने की तिथि रसीद कटने के दिन से तय होगी। रसीद कटने के दिन ही जेई को एस्टीमेट बनाना होगा।
इन नंबर से प्राप्त करें जानकारी
भंडार केंद्र के एसडीओ ने बताया कि सामान लेने के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी अधिशासी अभियंता भंडार केंद्र के मोबाइल नंबर 8004949017 और सहायक अभियंता 8004914373 पर प्राप्त की जा सकती है।
कनेक्शन का पूरा सामान देना होगा
डीएम को कुछ किसानों ने बताया कि कनेक्शन देने के समय भंडार केंद्र पर कुछ सामान रोक लिया जाता है, जिसके लिए बाद में महीनों चक्कर लगाने पड़ते हैं, या फिर घूस देनी पड़ती है। डीएम ने एसडीओ से कहा कि कनेक्शन देने के समय किसान को पूरा दें। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह है योजना
सामान्य योजना निजी नलकूपों के विद्युतीकरण के तहत किसानों को 68 हजार रुपये अनुदान राशि मिलती है। इसमें किसानों को पहले संबंधित बिजली डिवीजन पर अपनी खतौनी दिखानी होती है। फिर किसान को दो रुपये की रसीद कटवानी पड़ती है। विभाग संबंधित किसान की जमीन का सर्वे कराता है। जहां नलकूप का कनेक्शन होना होता है। सर्वे के आधार पर संबंधित जेई एस्टीमेट तैयार करता है। इसके बाद में कुल लागत का 68 हजार रुपये अनुदान राशि के रुपये में किसान का कम कर दिया जाता है।