बदायूं। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। सभी एक स्वर में पाकिस्तान और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग कर रहे हैं। शनिवार को भी लोगों ने पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला दहन करके अपना आक्रोश प्रकट किया। कई जगहों पर श्रद्धांजलि सभाओं का भी आयोजन किया गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। नगर विधायक महेश गुप्ता, दीपमाला गोयल, जितेंद्र यादव, वागीश पाठक, अशोक भारती, शारदेंदु पाठक आदि मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल एवं नव क्रांति दल छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना यासीन अली उस्मानी ने कठोर कार्रवाई करने की मांग की। भ्रष्टाचार मुक्ति अभियान, महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट, क्षत्रिय महासभा ने शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिला सिविल बार एसोसिएशन के सचिव अरविंद पाराशरी समेत वकीलों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। प्राथमिक विद्यालय बनगवां में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। स्व. ओमप्रकाश मथुरिया ब्रिगेड ने पाकिस्तान का पुतला फूंककर आक्रोश जताया। नगर पालिका सभासद आशीष कश्यप के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन ने कचहरी तिराहे पर आतंकवादी संगठनों का पुतला फूंका। खानकाह आलिया कादरिया के प्रवक्ता तसनीम हसन कादरी ने इस घटना को पाकिस्तान की कायराना हरकत करार दिया। नगर पालिका परिसर में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल समेत स्टाफ मौजूद रहा।
उझानी। युवकों की टोली ने मेन मार्केट में जुलूस निकालकर आतंकी अजहर मसूद का पुतला दहन किया। प्रेमपाल, मदन लाल, लकी वर्मा, अवनीश सोलंकी और लालू कश्यप आदि शामिल थे।
आसफपुर। शहीद स्मारक पर सैनिकों की आत्मा की शांति को दो मिनट का मौन रखा गया, तथा पाकिस्तान का पुतला जलाया गया।
वजीरगंज। गल्ला मंडी के व्यापारियों ने तोल बंद कर विरोध जताया वहीं नगर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर रैली निकाली। अंतरराष्ट्रीय युवा सेना ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला फूंका। आरवी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुलड़िया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) अनुशासन समिति के जिला अध्यक्ष पालन सिंह के नेतृत्व में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया।
बिल्सी। भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, जेपी जैन चिल्ड्रन एकेडमी, शिशु शिक्षा सदन स्कूल, सिटी हार्टमैन जूनियर हाईस्कूल, एसएम जूनियर हाईस्कूल में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। गल्ला मंडी में व्यापारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ जुलूस निकाला। तहसील में वकीलों ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। भारतीय हिंदू सेवक संगठन के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
बिसौली। नगर पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद के नेतृत्व में लोगों ने काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाला और पाकिस्तान का पुतला दहन किया। व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। पालिका परिसर में कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण किया। एसडीबी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने जुलूस निकाला। राष्ट्रवादी प्रताप सेना ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सहसवान। इस्लामिक इंटेलेक्चुअल बोर्ड के प्रदेश सचिव हाफिज इरफान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हमीदउद्दीन कादरी, मौलाना कमर आलम के नेतृत्व में लोगों ने कछला तिराहे पर आतंकवाद का पुतला दहन किया। खितौरा में राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के जिला उपाध्यक्ष रिंकू भारद्वाज के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। मुहल्ला नयागंज में पूर्व भाजपा नगराध्यक्ष शिव प्रकाश सक्सेना के आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कुंवरगांव। युवाओं ने पूरे नगर का बाजार बंद रखा। शाम को कैंडल मार्च भी निकाला। सेठ छदम्मी लाल इंटर कॉलेज में जवानों को श्रद्धांजलि दी गयी।
सैदपुर। नूरी रजा मैमोरियल कॉलेज में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। जय देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल दौलतपुर में दो मिनट का मौन रखा गया।
उसावां । पुष्पकुंज भगवानदास कन्या इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उसहैत। प्राथमिक विद्यालय प्राचीन के सरकारी स्कूल के बच्चों ने शोक श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा।
इस्लामनगर। इस्लाम नगर चैयरमैन पति के साथ सभासद मुजफ्फर अली खान, आफाक कुरैशी, नसरुद्दीन मलिक, महेन्द्र सागर आदि ने कैंडल मार्च निकालने के बाद दो मिनट का मौन धारण किया। थाना परिसर में थानाध्यक्ष सुधाकर सिंह और स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखा। आर्य कन्या इंटर कॉलेज में दो मिनट का मौन धारण किया गया।
अलापुर। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। मो. अली हमजा, खुर्शीद, रिहानउद्दीन, मोहम्मद शकील, गुफरान, मोहम्मद अजहर आदि मौजूद थे।
दातागंज। कस्बे में देर रात तक लोगों ने जगह-जगह कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गांव डहरपुरकला में पाक का पुतला फूंका। गांव जमालपुर में ब्राह्मण समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। हजरतपुर में लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आकोश व्यक्त किया।
शहीदों के लिए वेतन का अंश देंगे विभाग
बदायूं। पुलवामा में शहीद हुए जवानों के परिजनों के लिए तमाम विभागों व लोगों ने अपने वेतन का कुछ अंश देने का निर्णय किया है। जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन शहीद जवानों के परिजनों को देने का निर्णय किया वहीं नगर पालिका कर्मचारी भी अपना एक दिन का वेतन सरकारी कोष में जमा करेंगे। कादरचौक थाने के एसओ हरिभान सिंह ने अपना 10 दिन का वेतन जवानों को देने का निर्णय किया है।