बदायूं। निकाय चुनाव की घोषणा के बाद में प्रशासन ने सड़कों से दावेदारों और प्रत्याशियों के होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर हटवा दिए। ऐसे में अब दावेदारों और प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया को होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टरों की फोटो से भर दिया है और अपनी-अपनी जीत को पक्का बता रहे हैं।
निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और दावेदारों ने बड़े-बड़े होर्डिंग्स नेताओं की फोटो के साथ लगवाए थे और उनपर मन को लुभाने वाले स्लोगन भी लिखवाए थे। जो शहर नगर पालिका से लेकर नगर पंचायतों में पोस्टर, बैनर होर्डिंग्स के माध्यम से सड़कों से लेकर गली तक चस्पा किए गए थे। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद में प्रशासन ने सड़कों और गलियों से प्रचार सामग्री को हटवा दिया। इसके बाद में प्रत्याशियों और दावेदारों ने ट्वीटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप समेत अन्य सोशल साइड पर प्रचार शुरू कर दिया है। हालात यह है कि अध्यक्ष पद पर तो चुनिंदा ही दावेदार सक्रिय हुए है। जबकि सदस्य पद के दावेदारों की भरमार है। नगर पालिका क्षेत्र के कई दावेदार इन दिनों सोशल साइट पर देखे जा सकते हैं। उनके समर्थकों ने भी उनके समर्थन में पोस्टबाजी शुरू कर दी है। कोई अपने आप को जनता का सेवक बता रहा है तो कोई किसान का बेटा।