उझानी (बदायूं)। बरेली-कासगंज ब्रॉडगेज लाइन पर गुरुवार रात करीब एक बजे उझानी-बदायूं के बीच पटरी चटक गई। करीब तीन सेंटीमीटर गैप हो जाने के बाद ट्रैकमैन की नजर पड़ी तो उसने स्टेशन मास्टर के जरिए पहले कंट्रोलर और फिर अफसरों को अवगत कराया। इससे करीब दो घंटा पहले इसी क्षतिग्रस्त ट्रैक पर होकर कासगंज-बरेली फास्ट पैंसेंजर भी गुजर गई। हादसे की आशंका के मद्देनजर कासगंज की ओर से बरेली को जाने वाली मालगाड़ी को स्टेशन पर ही रोक लिया गया। देर रात ही इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूआई ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया जो शुक्रवार दोपहर तक चला।
किलोमीटर संख्या- 372/ सात-आठ पर गांव गठौना के नजदीक ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर फ्रेक्चर रात में करीब एक बजे उस समय पकड़ में आया जब स्टेशन की ओर से ट्रैकमैन फखरे आलम नियमित चेकिंग पर निकला। उसने लाइन को टूटा देख गठौना गेट पर पहुंचकर स्टेशन मास्टर शशांक मिश्रा को अवगत कराया। शशांक ने पहले कंट्रोलर फिर पीडब्ल्यूआई इंदल कुमार मल्ल को इसकी जानकारी दी। कंट्रोलर ने देर रात ही कासगंज की ओर से बरेली को निकली मालगाड़ी के लिए उझानी स्टेशन पर रोक दिया। पीडब्लयूआई मल्ल ने इंजीनियरों की टीम के साथ रात में ही ट्रैक की वैकल्पिक मरम्मत कर दी।
वैकल्पिक मरम्मत के बाद 10 घंटा प्रति किलोमीटर की रफ्तार का कॉशन देकर मालगाड़ी को पास कराया गया। लाइन में फ्रेक्चर किस समय हुआ, यह तो ट्रैकमैन फखरे को भी नहीं पता लेकिन रेलवे कर्मियों की मानें तो जरूर एक-दो घंटा पहले फ्रेक्चर हुआ होगा। अगर ऐसा रहा तो इससे पहले बरेली-कासगंज फास्ट पैसेंजर ट्रेन भी क्षतिग्रस्त ट्रैक पर होकर ही गुजर गई थी। शुक्रवार दोपहर में मरम्मत करते मिले मेठ नरेश पाल ने बताया कि पटरी की हालत से साफ है कि लाइन ठंड की वजह से चटक गई। लाइन को कोई काटता तो उसके निशान अलग नजर आते।
-----------
नया लगेगा छह मीटर का टुकड़ा, कॉशन रहेगा बरकरार
उझानी। ब्रॉडगेज लाइन पर गठौना के पास पटरी में जहां फ्रेक्चर हुआ है, उसके दोनों साइड को मिलाकर करीब छह मीटर का नया टुकड़ा लगाया जाएगा। पीडब्ल्यूआई इंदल कुमार मल्ल ने बताया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। पटरी के नये टुकड़े के लिए शनिवार को लगाए जाने की संभावना है। तब तक मालगाड़ियों समेत सभी ट्रेनों को कॉशन पर ही पास किया जाएगा। बता दें कि करीब पांच साल पहले इसी तरह से वितरोई के पास भी लाइन क्षतिग्रस्त मिली थी। तब अफसरों ने आसपास गांव के लोगों से पूछताछ भी की थी।