बदायूं। जगत ब्लाक के रायपुर गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव वालों ने घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। इससे टीम को गांव से बगैर सैंपल लिए बैरंग लौटना पड़ा।
बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम रायपुर गांव पहुंची। इसका पता लगने पर कुछ ही देर में कई गांव वाले जमा हो गए और विरोध शुरू कर दिया। लोग टीम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगा रह थे। गांव वालों का कहना था कि ब्लड सैंपल लेने के बाद डॉक्टर एक दिन की दवा देकर देकर चले जाते हैं। एक दिन की दवा से बुखार ठीक नहीं होता। वहीं टीम का नेतृत्व कर रहे डॉ.कौशल गुप्ता ने बताया कि ब्लड सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कई दिनों की दवा दी जा सकती है। लोगों का आक्रोश देख स्वास्थ्य विभाग की टीम दवाएं समेट कर गांव से चली गई। सीएमओ नेमी चंद्रा ने बताया कि ब्लड रिपोर्ट जांचने के लिए टीम को चार माइक्रोस्कोप उपलब्ध करा दिए गए हैं। तीन टेक्शीनियन भी टीम में शामिल रहेंगे, जो सैंपल लेने के बाद जल्द रिपोर्ट तैयार करेंगे।