बदायूं। स्वास्थ्य विभाग के अथक प्रयास के बावजूद जिले में बुखार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 225 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में संवेदनशील गांव रूखड़ा खौला में चार लोग बुखार से जान गवां चुके हैं। जबकि अन्य इलाकों में 13 लोगों की मौत हुई है। कुल 17 लोगों की मौत हुई है।
मूसाझाग। संवेदनशील ब्लाक जगत क्षेत्र के ग्राम रूखड़ा खौला में बुखार मौत बनकर टूटा। इस गांव में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। वहीं धनदेवी (45) पत्नी रक्षपाल और सुमनलता (23) पत्नी दुर्गपाल की शनिवार रात मौत हो गई। जबकि स्वाति (6) पुत्री नरेशपाल और अखिलेश (7 माह) पुत्र राजेश की रविवार को मौत हो गई। इसी ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मल्लापुर निवासी पूजा (6) पुत्री सत्यवीर की बुखार से मौत हुई है। वहीं इसी ब्लाक के ग्राम मर्रई निवासी बेबी (30) पत्नी शिवदयाल, सेवाराम (50) और वीरपाल (5) पुत्र चंद्रशेखर की बुखार से मौत हो गई। इधर, समरेर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम तिगुलापुर निवासी विशाल (5) पुत्र राजेश और प्रेमा देवी (30) पत्नी राजपाल की रविवार सुबह मौत हो गई। दातागंज ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मुड़सेना खुर्द निवासी गंगाराम (55) ने शनिवार रात बुखार से दम तोड़ दिया।
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लाक क्षेत्र के अंर्तगत कस्बा कुंवरगांव में वार्ड नंबर पांच निवासी राजू की बेटी सरोज (15) कई दिन से बुखार से पीड़ित थी। परिवार वाले उसे बरेली के प्राइवेट अस्पताल ले गए थे, जहां शनिवार रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मूसाझाग। दातागंज ब्लाक क्षेत्र के ग्राम सराय पिपरिया के मजरा भैंरों नगला निवासी गेंदनलाल (75) की रविवार शाम बुखार से मौत हो गई। गुलड़िया। सालारपुर क्षेत्र के ग्राम ब्योर निवासी सराफत की बेटी खुशनूर (18)को तीन दिन पहले बुखार आया था। शहर के प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शनिवार रात परिवार वाले उसे बरेली ले जा रहे थे, इस बीच खुशनूर की मौत हो गई।
हतरा में 14 दिनों में नौ लोगों को निगल गया बुखार
वजीरगंज। विकास क्षेत्र के ग्राम हतरा में बुखार 14 दिनों के अंदर 9 लोगों को निगल गया। शुक्रवार को प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने टीम के साथ हतरा गांव जाकर 405 बुखार के मरीजों का चेकअप किया और दवाएं दीं थी। 25 लोगों के खून की जांच की गई, जिनमें छह मरीजों को मलेरिया पॉजिटिव पाया गया। ग्रामीणों ने प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत से सरकारी अस्पतालों में घूसखोरी और इलाके में फैले झोलाछाप के खिलाफ शिकायत की। शुक्रवार को कुछ लोगों ने एकत्र होकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम रिसौली निवासी अशोक कुमार सिंह को दो दिन पहले तेज बुखार आया था। परिवार वाले उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां देर रात उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बिनावर। सालारपुर ब्लाक क्षेत्र का सिकरोड़ी गांव इन दिनों बीमारियों से जूझ रहा है। शनिवार रात नीतू (25) पत्नी संदीप और शिवानी (22) पत्नी अवधेश बुखार आने से मौत हो गई। दोनों कई दिन से बुखार से पीड़ित थीं।