बदायूं। जिले में बुखार से 225 लोगों की मौत हो गई, इतनी संख्या में लोगों की मौत हो जाने से शासन तक हिल गया और बीमारियों पर कंट्रोल करने के लिए लखनऊ से टीमों को भेजा गया। लेकिन इसे दुर्भाग्य कहें या फिर कुछ और जो जिला प्रशासन को अब कंट्रोल रूम खोलने की याद आई। हालांकि सेहत महकमा इस बात के दावे कर रहा है कि काफी हद तक बीमारियों को काबू कर लिया गया। ऐसे में प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम की स्थापना किया जाना आम जनता में तरह-तरह की चर्चाओं को बल दे रहा है।
जिले के लगभग 32 गांव अगस्त महीने में बाढ़ से घिर गए थे, पानी कम होने से पर यहां पर कीचड़ और गंदगी हो गई। इस कारण गांवों में बुखार और अन्य बीमारियों ने ऐसे पंख पसारे कि लोग दहल उठे। इसको ध्यान में रखते हुए रविवार को एडीएम प्रशासन के स्टेनो के कक्ष में कंट्रोल रूम बना दिया गया है। जिसका नंबर 05832-266663 है। जो सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कार्य करेगा। प्रभावित गांवों में सीएमओ की ओर से 49, मलेरिया विभाग की ओर से नौ टीमों के अलावा चार नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। यह कंट्रोल रूम लोकेशन लेता रहेगा कि टीम गांव पहुंच रही है या फिर नहीं। साथ ही गांव में ऐसा कोई व्यक्ति तो नहीं है, जोकि टीमों द्वारा नहीं देखा गया। उसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें।