उझानी (बदायूं)। बहू की विदा कराकर घर लौट रहे कासगंज के लोगों की कार को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं।
हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव जिरौली के पास हुआ। कासगंज जिले में सोरों थाना क्षेत्र के गांव करुआबारा निवासी बलवीर के बेटे की ससुराल सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सालारपुर में है। बहू की विदा कराने के लिए परिवार के लोग महिलाओं के साथ शुक्रवार दोपहर में कार से सालारपुर गए। लौटते में सामने से रोडवेज बस ने कार को चपेट में ले लिया। बस की टक्कर लगते ही कार सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। कार सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर दूसरे वाहन भी मौके पर रुक गए। वाहन सवार लोगों ने मदद करते हुए उन्हें लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। घायलों को बाहर निकालने के लिए कार के शीशे भी तोड़ने पड़ गए। हादसे में अमर सिंह (38) पुत्र कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में कालीचरन(50), मंगलीराम (55), चंद्रपाल (40), धर्मेंद्र (22) पुत्र बलवीर सिंह और माया देवी (55) पत्नी बलवीर शामिल हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराके शव घरवालों के हवाले कर दिया गया।
ओवरटेक करके आगे निकली थी रोडवेज बस
चंद्रपाल ने पुलिस को बताया कि हाईवे पर चल रहे फोरलेन के निर्माण कार्य की वजह से छोटे वाहनों की गति सीमित थी। रोडवेज बस के आगे ट्रक था लेकिन चालक ने ट्रक को ओवरटेक किया। उसी दौरान कार से बस भिड़ गई। सड़क किनारे खोदाई की वजह से चालक सुरेंद्र भी कार को साइड में उतार नहीं पाया।