दातागंज के निवासी थे, लौट रहे थे चाट का ठेला लेकर
दातागंज। चाचा भतीजे को टक्कर मारकर एक डग्गामार वाहन सरपट निकल गया, हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पापड़ गांव की बाजार से चाट का ठेला लेकर लौट रहे थे। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया।
परा मोहल्ला निवासी टीकाराम (23) आसपास के गांवों की बाजारों में चाट का ठेला लगाते थे। शनिवार को वह पापड़ गांव की साप्ताहिक बाजार में ठेला लेकर गए थे। उनका रिश्ते का भतीजा पिंटू (17) भी साथ में गया था। शनिवार शाम दोनों लोग बाजार से ठेली लेकर गांव लौट रहे थे। बताते हैं कि सेंट स्टीफन स्कूल के पास इस रोड पर चलने वाली डग्गामार मैक्स गाड़ी इन्हें टक्कर मारती हुई बदायूं की ओर निकल गई। इससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर काफी भीड़ लग गई। थोड़ी ही देर में पुलिस आ गई और दोनों के शव शिनाख्त कर ली गई। इसके बाद सूचना पर परिवार के लोग पहुंच गए। देर रात शवों को पंचनामा भरकर जिला मुख्यालय भिजवाया गया। रविवार को इनका पोस्टमार्टम होगा।
बड़े परिवार का सहारा था पिंटू
पिंटू के पिता सूरजपाल की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। उसकी तीन जवान बहनें हैं और पांच साल का छोटा भाई है। मां के साथ पूरा परिवार पंजाब में ईट भट्ठों पर काम करके आजीविका कमाता है। हाल ही में राशनकार्ड को आधार से जोड़ने के सिलसिले में परिवार कस्बा स्थित अपने घर आया था। यहां पिंटू खाली था तो रिश्ते के चाचा टीकाराम उसे कुछ कमाई कराने की बात कहकर साथ ले गए। टीकाराम दो बच्चों के पिता थे।