बदायूं। होली को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को वर्कशॉप कार्यालय पर बैठक की। यहां तय किया गया कि डिपो की 140 बसें डबल चक्कर लगाएंगी। प्रत्येक बस पर दो-दो चालक-परिचालक तैनात किए जा रहे हैं। होली पर 28 फरवरी से नौ मार्च तक लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
निगम के बेडे में 130 और 44 अनुबंधित बसें जिले के विभिन्न रूटों पर संचालित हो रहीं हैं। इन बसों को 28 फरवरी से एक रूट पर दो बार दौड़ाने की तैयारी विभाग ने की है। दिल्ली रूट पर 95 बसों का संचालन किया जा रहा है। होली के पर्व पर इन बसों पर दो-दो चालक-परिचालक तैनात किए जाएंगे। बसें डबल चक्कर लगाएंगी। दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड पर चार कर्मचारियों की तैनाती रहेगी जो बसों में सवारियों को बैठाकर तुरंत ही रवाना करने का काम करेंगे।
होली पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। होली के दौरान ड्यूटी करने वाले रोडवेज के चालकों और परिचालकों को उनके नियमित वेतन के अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अनुपस्थिति पर कार्रवाई
जहां एक ओर काम करने वालों को पुरस्कृत किया जा रहा है, वहीं ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिपो पर अतिरिक्त चालक और परिचालक भी मौजूद रहेंगे ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत ड्यूटी पर भेजा जा सके।
34 बसों के हवाले रहेंगे लोकल रूट
अनुबंधित की 34 बसों के हवाले जिले के लोकल रूट रहेंगे। व्यवस्था की गई है कि यह बसें बिना रुके ही संचालित हाेती रहेंगी। लोकल में इन्हीं बसों से चार-चार चक्कर लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। बस स्टैंड पर अतिरिक्त चालक-परिचालकों काे रुकने की व्यवस्था की गई है। घर न जाकर चालक-परिचालक डिपो में रुकेंगे।
-
यात्रियों को स्टैंडों पर नहीं करना पड़ेगा इंतजार
एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि होली के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूटों पर बसों की संख्या और उनके फेरे बढ़ाए जाएंगे। दिल्ली, मेरठ, मथुरा, कौशांबी, देहरादून, अलीगढ़ आदि स्थानों के लिए यात्रियों को बस स्टैंड पर लंबा इंतजार नहीं करना होगा। डग्गामार वाहनों में सफर करने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा। यात्री समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।