आज विद्यालय खुलते ही बच्चों के हाथों में होंगे बैग, किताबें, यूनिफार्म
एक लाख के स्थान पर विभाग को प्राप्त हुए 35 हजार बैग
आज प्रधानाध्यापकों की मौजूदगी में बच्चों को वितरित की जाएगी पाठ्य सामग्री
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को सभी स्कूल खुल जाएंगे। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को इस बात के निर्देश दिए गए कि स्कूल खुलने से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। पहली बार होगा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रीष्मावकाश खत्म होने के पहले दिन ही यूनिफार्म, किताबें और बैग बांटे जाएंगे।
हर साल सत्र शुरू होने के कई माह बाद तक बच्चों को नि: शुल्क पाठ्य पुस्तकें नहीं मिल पाती थीं। इसे लेकर सरकार की खूब फजीहत होती थी। सरकार विपक्ष के निशाने पर होती थी, इस सबसे बचने के लिए योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा निदेशक और विशेष सचिव को कड़े निर्देश दिए थे कि बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में कोई देरी न हो। सीएम के आदेश के बाद सभी बीएसए इस बात में लगे रहे कि शासन की मंशा के अनुुुरूप कार्य हों। बदायूं के बीएसए पीसी यादव का दावा है कि जिले को 90 फीसदी पुस्तकें उपलब्ध हो गई हैं और यह किताबें सभी बीआरसी पर पहुंचने के बाद एनपीआरसी के माध्यम से प्रधानाध्यापकों को मुहैया करा दी गईं हैैं। हर हाल में यह किताबें सोमवार को बच्चों को बांट दी जाएंगी। बीएसए ने बताया कि इस बार कक्षा एक और छह के बच्चों को ही बैग दिए जाएंगे। दो लाख 90 हजार से अधिक यूनिफार्म के दो-दो सैट भी वितरित किए जाएंगे। उन्होने बताया कि इन सभी वस्तुओं को वितरण ग्राम प्रधान, एसएमसी या फिर गांव के गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में कराया जाए। सभी प्रधानाध्यापकों इसकी फोटोग्राफी खंड शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।